रामगढ़, झारखंड: नीति आयोग द्वारा रामगढ़ टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह में चितरपुर प्रखंड के कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO) मो. इंशा अल्लाह को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट नवाचार और प्रयासों के लिए गोल्ड मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उन्हें यह सम्मान चितरपुर प्रखंड में छात्र नामांकन वृद्धि, नियमित उपस्थिति, परीक्षा परिणामों में सुधार तथा नवाचार आधारित शैक्षणिक पहलों के लिए दिया गया। समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल (डीडीसी) सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद थे।
जिप अध्यक्ष सुधा देवी ने इंशा अल्लाह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि, “शिक्षा व्यवस्था के सशक्तीकरण में प्रखंड स्तर के अधिकारियों की भूमिका अहम होती है और इंशा अल्लाह ने इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाया है।”
बीपीओ ने चितरपुर में विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया है, जिसमें स्कूलों में शैक्षणिक वातावरण का सुधार, शिक्षक प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन, तथा विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने जैसे अनेक पहल शामिल हैं।
सम्मान प्राप्त कर इंशा अल्लाह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “यह उपलब्धि मेरी पूरी टीम के सहयोग का परिणाम है और यह मुझे भविष्य में और अधिक लगन से कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।”
इस उपलब्धि पर चितरपुर सीओ दीपक मिंज, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन, शिक्षकों – असगर अली, वेद प्रकाश, अमित यादव, पावेल कुमार, प्रिया कुमारी, रंजीत कुमार, शहनवाज अहमद, हिरू प्रजापति, सोनू करमाली, रोशन करमाली, जितेंद्र कुमार, राहुल कुमार, पप्पू कुमार, ममता सिंह व अन्य कई शिक्षकों और अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी।