देवघर, झारखंड : देवघर एम्स में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के दौरान सुरक्षा में चूक के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। गुरुवार रात विशेष जांच टीम (SIT) की जांच के बाद देवघर ट्रैफिक थाना के एक सब-इंस्पेक्टर, एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर, एक पुलिसकर्मी और झारखंड आर्म्ड पुलिस (जैप) के एक जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
दरअसल, राष्ट्रपति के काफिले की कुछ गाड़ियां निर्धारित मार्ग से भटककर अन्य रास्ते पर चली गईं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में अफरातफरी मच गई। मामले पर संताल परगना के जोनल आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि कोई गंभीर चूक नहीं हुई है, लेकिन जिन अधिकारियों की लापरवाही सामने आई, उन पर कार्रवाई की गई है। देवघर पुलिस के अन्य अधिकारी इस पर टिप्पणी से बच रहे हैं।