नेताओं और जनता ने दी दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि, अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब
रूपी सोरेन को सांत्वना देते राहुल गांधीचुपचाप खड़े शिबू सोरेन के पुराने साथी पूर्व विधायक अर्जुन राम व पूर्व मंत्री बेबी प्रसाद
नेमरा (रामगढ़), झारखंड: झारखंड आंदोलन के पुरोधा और जननायक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में देशभर से राजनेताओं, झारखंड के नेताओं और हजारों लोगों की मौजूदगी ने माहौल को भावुक बना दिया।
दिशोम गुरु की पत्नी रूपी सोरेन से राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सहित कई नेताओं ने नेमरा पहुंचकर मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। झामुमो, कांग्रेस, और अन्य दलों के कई नेता एवं पूर्व मंत्री बेबी प्रसाद भी इस अवसर पर मौजूद थे।
शिबू सोरेन के संघर्ष के साथी और रामगढ़ के पूर्व विधायक अर्जुन राम भी चुपचाप अंतिम संस्कार स्थल पर खड़े नजर आए।
सुबह से ही नेमरा में प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई थीं। शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां भारी संख्या में लोगों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
बाद में पार्थिव शरीर को विधानसभा भवन लाया गया, जहां नेताओं और अधिकारियों ने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद फूलों से सजे वाहन पर पार्थिव शरीर को नेमरा गांव लाया गया। वाहन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और परिवार के सदस्य भी सवार थे।
रांची से नेमरा तक मार्ग पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। रास्ते भर ‘शिबू सोरेन अमर रहें’ के नारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। लोगों ने रास्ते में कई जगह वाहन को रोककर फूल-मालाएं अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।