भाजपा की अंदरूनी कलह आई सामने, राजीव प्रताप रूढ़ी ने फिर जीता कांस्टीच्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के सचिव प्रशासन पद का चुनाव

Spread the love

वोट डालने पहुंची सोनिया गांधी

 प्रखर न्यूज के लिए नई दिल्ली से अशोक अकेला

नई दिल्ली : देश की प्रतिष्ठित संस्था कांस्टीच्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के सचिव प्रशासन पद पर बिहार के सारण से भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी एक बार फिर निर्वाचित हुए हैं। लोकसभा अध्यक्ष इस क्लब के पदेन अध्यक्ष होते हैं और चुनाव करवाकर अन्य पदाधिकारियों का चयन करते हैं। इस क्लब के सदस्य केवल वर्तमान व पूर्व सांसद ही हो सकते हैं।

कुल 1,200 से अधिक मतदाताओं (वर्तमान व पूर्व सांसद) में हुए मुकाबले में राजीव प्रताप रूढ़ी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के भाजपा सांसद संजीव बलियान को 102 मतों से हराया। लंबे समय से इस पद पर काबिज रूढ़ी के लिए यह चुनाव चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था।

सूत्रों के अनुसार, संजीव बलियान को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का समर्थन प्राप्त था, जबकि अमित शाह और राजीव प्रताप रूढ़ी के बीच पुराने मतभेद भी चर्चित हैं। इस वजह से बलियान की हार को राजनीतिक हलकों में अमित शाह की हार के रूप में देखा जा रहा है। बताया जाता है कि रूढ़ी को हराने के लिए उनके ही दल के कुछ नेता सक्रिय थे, लेकिन अपने प्रबंधन कौशल से उन्होंने जीत हासिल की।

अन्य पदों पर निर्विरोध चुनाव

सचिव प्रशासन पद को छोड़कर सभी पदों पर निर्विरोध चुनाव हुआ। निर्विरोध चुने गए पदाधिकारियों में सचिव सांस्कृतिक तिरुची शिवा, सचिव खेल राजीव शुक्ला, कोषाध्यक्ष एपी जिथेनडर रेड्डी तथा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में नरेश अग्रवाल, प्रशून बनर्जी, शिरिंग अप्पा बारेन, कालीकेश एन सिंहदेव, प्रदीप गांधी, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, नवीन जिंदल, प्रदीप कुमार वर्मा और अक्षय यादव शामिल हैं।

झारखंड कनेक्शन : निशिकांत दूबे का समर्थन बलियान को

इस चुनाव में झारखंड के भाजपा सांसद निशिकांत दूबे भी संजीव बलियान के समर्थन में सक्रिय रहे। उन्होंने खुले तौर पर सांसदों से संपर्क साधा और कहा था कि “कांस्टीच्यूशन क्लब ऑफ इंडिया पर अवांछित तत्वों का कब्जा हो गया है, जिसे हटाना जरूरी है।” हालांकि, नतीजों में एक बार फिर रूढ़ी ने बाजी मार ली।