आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास  के साथ मनाया गया 

Spread the love
झंडोत्तोलन के बाद सलामी देते मुख्य अतिथि व मौजूद प्राचार्य

रामगढ़, झारखंड : आर्मी पब्लिक स्कूल, रामगढ़ कैंट में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल सुहेल सिंह सलारिया सेना मेडल द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया । जिसके बाद राष्ट्रीय गान से पूरा विद्यालय परिसर गूंज उठा। वहीं कार्यक्रम को आगे बढ़ते हुए हेड गर्ल सुरभि ने अपने स्वागत भाषण से देश भक्ति की भावना भर दिया। छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सामूहिक देशभक्ति गीत, जूनियर वर्ग का ‘विश्व शांति’ विषय पर नृत्य, देशभक्ति कविता और ऊर्जा से भरपूर एरोबिक्स प्रदर्शन प्रस्तुत किया। इसके बाद विद्यालय के हेड बॉय का प्रभावशाली हिंदी भाषण, माइन शॉ की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। सीनियर वर्ग द्वारा प्रस्तुत ‘शौर्य गाथा’ पर आधारित नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

छावनी परिषद के अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, नईसराय की छात्रा ज़िया फ़रहान ने विद्यांजलि परियोजना के तहत स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में अपना भाषण प्रस्तुत किया। उनकी भागीदारी ने समारोह में एक अंतर-वि‌द्यालय भावनाओं को जोड़ा, जिससे देश के प्रति एकता और अखंडता की भावना को उजागर करते हुए विभिन्न स्कूलों के छात्रों के बीच सौहार्द और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिल सके।

मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा यह केवल एक दिन नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को नमन करने का दिन है। देशभक्ति केवल शब्दों में नहीं, बल्कि कर्मों में भी होनी चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार जैन ने कहा कि आज का दिन हमें नई सीख प्रदान करता है और अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ ।