रामगढ़, झारखंड : पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कोयला मंत्री रहे दिशोम गुरु (शिबू सोरेन) के संस्कार भोज में शनिवार, 16 अगस्त 2025 को बड़ी संख्या में आम लोगों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के बड़े और छोटे नेता भी शामिल हुए। सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों एवं संस्कार भोज में सम्मिलित होने वालों का कारवां नेमरा गांव (गोला प्रखंड) की ओर बढ़ता रहा।
राज्य के कोने-कोने से भारी संख्या में लोग रामगढ़ जिला के नेमरा गांव पहुंचे और दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की। वाहन व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन द्वारा गांव से कुछ दूरी पर ही वाहनों को रोक दिया गया था तथा पार्किंग की अलग से व्यवस्था की गई थी। हजारों दोपहिया वाहन और सैकड़ों चारपहिया वाहनों के माध्यम से लोगों का पहुंचना इस बात का प्रतीक था कि दिशोम गुरु की लोकप्रियता अभी भी लोगों के दिलों में जस की तस कायम है।
इसके साथ ही, बड़ी संख्या में लोग पैदल चलकर भी कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। श्रद्धांजलि व भोज कार्यक्रम में शामिल होने वालों की भीड़ देर रात तक लगातार पहुंचती रही। ग्रामीणों के अनुसार, ऐसा दृश्य वर्षों बाद देखने को मिला जब किसी कार्यक्रम में इतनी भारी भीड़ उमड़ी हो। लोगों में हो रही चर्चा के अनुसार एक से डेढ़ लाख लोगों ने नेमरा पहुंच कर दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा संस्कार भोज में भाग लिया।