पूर्व कांग्रेस विधायक के भाई की 3.02 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

Spread the love

रांची (झारखंड) : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड की पूर्व कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद के भाई अंकित राज के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.02 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त किया है। यह कार्रवाई अवैध बालू खनन से अर्जित संपत्ति के मामले में की गई है।

ईडी की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अंकित राज ने बड़कागांव क्षेत्र में अवैध तरीके से बालू की निकासी कर 3.12 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की थी। आरोप है कि इस अवैध कमाई को वैध दिखाने के लिए उसने कई तरीके अपनाए और कई संपत्तियां खरीदीं। जांच पूरी होने के बाद ईडी ने 3.02 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति को जब्त कर लिया।

गौरतलब है कि अंकित राज बड़कागांव की पूर्व कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद का भाई है तथा राज्य के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और पूर्व विधायक निर्मला देवी का बेटा है। उनका परिवार लंबे समय से बड़कागांव (हजारीबाग जिला, झारखंड) क्षेत्र में कोयला और बालू खनन कारोबार में प्रभाव रखने के लिए चर्चित रहा है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा पूर्व विधायक अंबा प्रसाद समेत उनके पारिवारिक सदस्यों के खिलाफ दर्ज 16 प्राथमिकाओं को ईडी ने ईसीआईआर में दर्ज कर जांच शुरू की थी। इन मामलों में रंगदारी, जमीन पर कब्जा, प्रतिबंधित संगठन चलाने और अवैध खनिज कारोबार जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

जांच के दौरान ईडी ने 12–13 मार्च 2024 और 4 जुलाई 2025 को परिवार के विभिन्न ठिकानों पर छापे मारे। बाद में 18 जुलाई को माइनिंग ऑफिस का सर्वे भी किया गया। ईडी को जांच में पता चला कि सोनपुर घाट का माइनिंग लाइसेंस वर्ष 2019 में समाप्त हो गया था, उसके बावजूद प्लांडू एवं दामोदर नदी से अवैध तरीके से बालू की निकासी जारी रही।

इस अवैध कारोबार से हुई कमाई से अंकित राज ने संपत्ति अर्जित की जिसे अब जब्त किया गया है। ईडी मामले में आगे भी जांच जारी रखे हुए है और अन्य संपत्तियों की भी पड़ताल की जा रही है।