मिलिट्री हॉस्पिटल रामगढ़ में कैप्टन (स्वर्गीय) अंशुमन, कीर्ति चक्र की स्मृति में अत्याधुनिक ओपीडी कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन

Spread the love

नवनिर्मित ओपीडी भवन का निरीक्षण करते सैन्य अधिकारी

रामगढ़ (झारखंड) :  मिलिट्री हॉस्पिटल, रामगढ़ कैंट में शुक्रवार को एक नए अत्याधुनिक आउट पेशेंट डिपार्टमेंट (ओपीडी) कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन लेफ्टिनेंट जनरल पी एस शेखावत, पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, मध्य भारत क्षेत्र ने किया। यह मेडिकल ब्लॉक कैप्टन (स्वर्गीय) अंशुमन, कीर्ति चक्र की स्मृति में समर्पित किया गया है, ताकि राष्ट्र के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को सम्मानित किया जा सके।

समारोह में मेजर जनरल विकास भारद्वाज, वीएसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, झारखंड एवं बिहार सब एरिया, ब्रिगेडियर साजेश बाबू पीजी, स्टेशन कमांडर रामगढ़ मिलिट्री स्टेशन, और ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह एसएम, सिख रेजिमेंटल सेंटर समेत वरिष्ठ सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सैन्य और चिकित्सा अधिकारी, पूर्व सैनिक और उनके परिजन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

नव-निर्मित ओपीडी कॉम्प्लेक्स को बहु-स्तरीय आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा के रूप में विकसित किया गया है। इसमें नवीनतम चिकित्सा उपकरण और सुव्यवस्थित क्लीनिकल सेवाएँ उपलब्ध हैं, ताकि सैनिकों, उनके परिवारों और पूर्व सैनिकों को बेहतर देखभाल और आराम मिल सके। इसका उन्नत डिज़ाइन और तकनीकी ढाँचा स्वास्थ्य सेवाओं में आधुनिकता का प्रतीक है।

अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट जनरल शेखावत ने मिलिट्री हॉस्पिटल, रामगढ़ की सराहना करते हुए कहा कि यह अस्पताल लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं को उन्नत करने में अग्रसर है। उन्होंने कैप्टन अंशुमन की शहादत को नमन करते हुए कहा कि उनके नाम पर बने इस ओपीडी कॉम्प्लेक्स से आने वाली पीढ़ियों के सैनिक और चिकित्सा पेशेवर प्रेरित होंगे।

नया ओपीडी कॉम्प्लेक्स सेना की अपने कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है और क्षेत्रीय स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।