झरिया, (धनबाद), झारखंड : सुदामडीह थाना अंतर्गत भौरा बाई क्वार्टर की रहने वाली पांच युवतियां करमा पूजा के अवसर पर दामोदर नदी घाट नहाने गई थीं। नहाने के दौरान पांचों युवतियां अचानक पानी के तेज बहाव में डूबने लगीं। स्थानीय मछुआरों और लोगों की तत्परता से तीन युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो युवतियां पानी की तेज धारा में बह गईं।
डूबी युवतियों में एक की पहचान रुकमानी कुमारी के रूप में हुई, जो बहते हुए मोहलबनी घाट तक पहुंच गई थी। स्थानीय लोगों और सुदामडीह पुलिस के सहयोग से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरी युवती संध्या कुमारी अब भी लापता है। उसकी खोजबीन के लिए स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की मदद से तलाश अभियान चलाया जा रहा है।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।