रामगढ़ : कांग्रेस संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत जिलाध्यक्ष चयन की कवायद शुरू, एआईसीसी पर्यवेक्षक करेंगे प्रखंडवार दौरा

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : जिले में कांग्रेस संगठन सृजन कार्यक्रम को लेकर शनिवार को बिजुलिया स्थित चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन में जिला कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के रामगढ़ पर्यवेक्षक डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम मौजूद रहे। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) पर्यवेक्षक राजेश कच्छप, प्रदीप तुल्सियान और ज्योति सिंह मथारु भी शामिल हुए।

बैठक में जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से नए जिलाध्यक्ष के चयन पर राय मांगी गई। इस दौरान वन-टू-वन चर्चा भी की गई। डॉ. टेकाम ने बताया कि वे एक सप्ताह तक रामगढ़ जिले में रहकर जिला, प्रखंड और बूथ स्तर तक के नेताओं-कार्यकर्ताओं के विचार लेंगे। साथ ही सामाजिक संगठनों से भी मुलाकात कर सुझाव प्राप्त करेंगे। इसके बाद जिलाध्यक्ष पद के लिए छह नाम आलाकमान को भेजे जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने संगठन सृजन 2025 कार्यक्रम की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संगठन में प्रमुख जिम्मेदारी देना है। अब तक बड़े पदों पर ऊपर से नियुक्ति होती थी, लेकिन इस बार जिले से सुझाए गए नामों को ही नेतृत्व की जिम्मेदारी दी जाएगी।

बैठक में रामगढ़ विधायक ममता देवी, जिलाध्यक्ष मुन्ना पासवान, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज प्रसाद तिवारी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

प्रखंड स्तर पर होगी बैठकें

एआईसीसी और पीसीसी पर्यवेक्षक 7 से 13 सितंबर तक लगातार प्रखंडवार बैठक करेंगे।

7 सितंबर : गोला

8 सितंबर : चितरपुर

9 सितंबर : दुलमी

10 सितंबर : मांडू

11 सितंबर : पतरातू

12 सितंबर : रामगढ़ शहर

13 सितंबर : रामगढ़ प्रखंड

इन बैठकों और चर्चाओं से प्राप्त राय को संकलित कर आगे भेजा जाएगा।