कुजू के रतवे नावाटांड़ में एक महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत, पति गिरफ्तार

Spread the love
लोगों को समझाते कुजू ओपी प्रभारी

कुजू ( रामगढ ), झारखंड :  कुजू ओपी क्षेत्र के रतवे पंचायत अंतर्गत नावाटांड़ में एक महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। मृतका 27 वर्षीय बेबी देवी पति गोविंद महतो थी। कुजू ओपी पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर नावाटांड़ पहुंचकर मृतका के शव को घर के कमरे से कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेज दिया है। घटना सोमवार की है। मामले में मृतका के मायके वालों के शिकायत पर पति गोविंद महतो को पुलिस ने कस्टडी में ले लिया है। इसके विरुद्ध दूसरी महिला से अवैध संबंध होने के कारण बेबी देवी की हत्या करने का आरोप लगाया गया है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बेबी देवी के मायके वालों को सोमवार को दिन के करीब दस बजे आसपास के ग्रामीण के फोन से सूचना मिली कि बेबी देवी ने पंखे से फंदे के सहारे झूलकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद करीब बारह बजे मायके के लोग नावाटांड़ पहुंचे। इधर कुजू ओपी पुलिस ने सूचना मिलते ही सशस्त्र बल के साथ पहुंचकर मृतका के शव को कब्जे में लिया। इसी दौरान पति गोविंद महतो को भी पुलिस साथ ले गई। मंगलवार को मृतका के मायके वाले महिला पुरुष नावाटांड़ पहुंचकर गोविंद महतो के दूसरी महिला से अवैध संबंध होने के कारण बेबी देवी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया ।

इसकी सूचना मिलने पर कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह अन्य पुलिस अधिकारी व सशस्त्र बल के साथ नावाटांड़ पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। साथ ही घटनास्थल की तलाशी भी ली। इधर मृतका के ससुर ढोटन महतो व सास पुनवा देवी जो घटना के बाद पास के गांव में अपने रिश्तेदार के घर चले गए थे। पुलिस व मुखिया प्रतिनिधि ने ढूंढ कर लाया। साथ ही मृतका के शव को पोस्टमार्टम करा घर लाए जाने के बाद दाह संस्कार करने को लेकर उत्पन्न विवाद पर विराम लगाया गया। मृतका के ससुर हिंदू रीति से शव का गांव के शमशान घाट में अंतिम संस्कार करने में जुट गए।