रामगढ़, झारखंड :17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक संचालित स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को सदर अस्पताल रामगढ़ में किया गया। इस दौरान विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ महालक्ष्मी प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि हजारीबाग राजीव जायसवाल सहित स्वास्थ्य पदाधिकारी एवं चिकित्सकों के द्वारा दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी को संबोधित करते हुए माननीय विधायक बड़कागांव श्री रोशन लाल चौधरी ने कहा की स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार का निर्माण कर सकती है। मौके पर उन्होंने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सभी से अभियान से जुड़ने की अपील की वहीं जिला परिषद अध्यक्ष ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से सभी को स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी को स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी एवं अभियान के सफल आयोजन हेतु किए जाने वाले विभिन्न कार्यों से सभी को अवगत कराया।
अभियान की प्रमुख विशेषताएँ
यह विशेष अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने, परिवार को सशक्त बनाने और राष्ट्र के स्वास्थ्य परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। यह पहल 8वें राष्ट्रीय पोषण माह एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से भी जुड़ी है।
महिला स्वास्थ्य जाँच एवं सेवाएँ
ई.एन.टी., नेत्र, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं दंत जांच, कैंसर स्क्रीनिंग (मुख, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा), टीकाकरण सेवाएँ, गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, एनीमिया स्तर की जाँच, क्षय रोग (टीबी) जांच, सिकल सेल एनीमिया जांच’मानसिक स्वास्थ्य हेतु टेली-मैनस सुविधा, विशेष चिकित्सकीय परामर्श।
स्वस्थ जीवनशैली एवं वेलनेस
चीनी एवं तेल की खपत में 10% कमी, स्थानीय एवं क्षेत्रीय खाद्य पदार्थों का प्रोत्साहन, शिशु एवं छोटे बच्चों के आहार संबंधी प्रथाओं पर जागरूकता, मासिक धर्म स्वच्छता एवं पोषण जागरूकता, टेक होम राशन का वितरण।
स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुँच
मदर एवं चाइल्ड प्रोटेक्शन कार्ड वितरण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में नामांकन, आयुष्मान वय वंदना कार्ड वितरण, स्किल सेल कार्ड वितरण’पोषण ट्रैकर में लाभार्थियों का पंजीकरण ।
नागरिकों की सक्रिय भागीदारी
रक्तदान शिविर, निक्षय मित्र स्वयंसेवक पंजीकरण,अंगदान हेतु पंजीकरण, सुविधाओं की उपलब्धता।
महिलाएँ एवं बच्चे इन सेवाओं का लाभ अपने निकटतम आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC), एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों से प्राप्त कर सकते हैं।
“स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण, परिवार सशक्तिकरण एवं स्वस्थ भारत निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।