सांसद मनीष जायसवाल ने जताया हर्ष, कहा मां छिन्नमस्तिका मंदिर की महिमा और आस्था को नई ऊँचाइयां मिलेंगी साथ ही धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, रोजगार भी बढ़ेगा
रामगढ, झारखंड : हजारीबाग और रामगढ़ जिले के लिए यह एक बड़ी खुशखबरी है। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र सांसद मनीष जायसवाल द्वारा संसद में उठाए गए एक महत्वपूर्ण मुद्दे पर केंद्र सरकार ने संज्ञान लिया है। जिसके बाद अब माँ छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर को एक भव्य धार्मिक पर्यटन कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
सांसद मनीष ने नियम 377 के तहत इस विषय को संसद में जोरदार तरीके से उठाया था जिसका परिणाम यह है कि केंद्र सरकार ने इस प्रस्ताव पर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। केंद्र ने झारखंड सरकार से इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और अन्य आवश्यक जानकारी मांगी है।
सांसद मनीष जायसवाल ने इस पर खुशी का इजहार करते हुए कहाकी इस पहल से न केवल माँ छिन्नमस्तिका मंदिर की महिमा और आस्था को नई ऊँचाइयां मिलेंगी, बल्कि पूरे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। केंद्र सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि जैसे ही राज्य सरकार की ओर से प्रस्ताव प्राप्त होता है, इस योजना को हर संभव वित्तीय और तकनीकी सहायता प्रदान की जाएगी ।
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा की यह सिर्फ एक परियोजना नहीं, बल्कि हजारीबाग और रामगढ़ की आस्था, संस्कृति और विकास को एक नई दिशा देने का हमारा संकल्प है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यह कॉरिडोर जल्द से जल्द मूर्त रूप ले।