कुजू (रामगढ़), झारखंड : फरार चल रहे गैंगस्टर राहुल दुबे उर्फ जयशंकर दुबे उर्फ छोटू, पिता परमहंस दुबे, के खिलाफ कुजू ओपी पुलिस ने शनिवार को विधिवत कार्रवाई करते हुए इश्तहार चिपकाया। पुलिस ने ढोल-नगाड़े की मौजूदगी में कुजू ट्रांसपोर्ट नगर स्थित उसके आवास, कुजू चौक और डटमामोड चौराहा समेत तीन प्रमुख स्थानों पर पोस्टर लगाए।
इश्तहार में साफ लिखा गया है कि राहुल दुबे को 10 अक्टूबर 2025 को न्यायालय में उपस्थित होकर हाजिरी देनी होगी। पुलिस ने स्थानीय लोगों को भी अपील की है कि वे फरार गैंगस्टर से संबंधित कोई भी सूचना निर्भीक होकर एसपी कार्यालय रामगढ़ या अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के कार्यालय को दें।
गैंगस्टर राहुल दुबे के खिलाफ कुजू ओपी में रंगदारी, गोलीचालन, आर्म्स एक्ट तथा लेवी वसूली के लिए आतंक फैलाने जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।