कुजू (रामगढ़), झारखंड :भाजपा के वरिष्ठ नेता, झारखंड प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद डॉ. यदुनाथ पांडेय ने कहा कि जीएसटी ही नहीं बल्कि रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी परफॉर्म-रिफॉर्म की नीति से आत्मनिर्भर भारत की नींव मजबूत हो रही है। यही कारण है कि विश्व की कई नामी-गिरामी कंपनियां भारत में निवेश और व्यवसाय करने को आतुर हैं।
वे शनिवार को हजारीबाग जाते वक्त मुरपा स्थित शंभुलाल ठाकुर के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने चैनपुर बड़गांव में आचार्य मनोज पांडेय के आवास पर भी रात्रि विश्राम किया।
डॉ. पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से आमजन को लाभ मिल रहा है। जीएसटी लागू होने के समय विरोधियों ने हाय-तौबा मचाई थी, लेकिन जब इसमें आम जनता को राहत देने के लिए टैक्स की दरें घटाई गईं, तब भी विपक्ष बौखला गया। उन्होंने कहा कि आज भारत रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो चुका है और यही विपक्ष की बेचैनी का कारण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ नेतृत्व क्षमता के कारण ही भारतीय सेना ने आतंकियों को उनके घर में घुसकर मार गिराया और दुनिया में भारत की कूटनीतिक ताकत को साबित किया। अमेरिका की टैरिफ वार की धमकी का भी भारत ने शालीनता से जवाब दिया और रूस के साथ खड़े होकर अमेरिका के गुरूर को तोड़ दिया।
भविष्य की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में बिहार समेत अन्य राज्यों में महागठबंधन पूरी तरह ध्वस्त हो जाएगा और जनता इनके झांसे में आने वाली नहीं है। साथ ही उन्होंने मतदाता सूची के पुनर्मूल्यांकन को समय की आवश्यकता बताया।
इस अवसर पर आचार्य मनोज पांडेय, रघुनंदन ठाकुर, गोपीनाथ पंडा, शंभुलाल ठाकुर, शंकर पंडित, आर.के. पांडेय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।