कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू ओपी क्षेत्र के महुआटुंगरी में मंगलवार को अवैध कोयला खनन के खिलाफ पुलिस और सीसीएल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान माफियाओं द्वारा बनाए गए दो अवैध खनन मुहानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया और करीब 20 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त कर सीसीएल करमा परियोजना को सौंपा गया।
कार्रवाई वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह और सीसीएल सुरक्षा प्रभारी के नेतृत्व में की गई। इस दौरान एसआई आशीष गौतम, सीसीएल सुरक्षा विभाग के कुजू क्षेत्रीय दल से हेमंत सिंह, अजय कुमार, रमेश रावत, नागेश्वर मुंडा, करमा परियोजना से यासर अराफात, सोहन तथा पुलिस बल, सशस्त्र बल और होमगार्ड जवान मौजूद थे।
पुलिस ने बताया कि कोयला माफियाओं की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। इस संयुक्त अभियान के बाद क्षेत्र में कोयला माफियाओं और चोरों में खलबली मच गई है।