रामगढ़, झारखंड :भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा पखवाड़ा-2025’ के तहत, केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई कटौती को लेकर बुधवार को रामगढ़ कैंट में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल विशेष रूप से शामिल हुए।
पदयात्रा रामगढ़ कैंट मेन रोड के सुभाष चौक से शुरू होकर गुरुद्वारा रोड होते हुए लोहार टोला तक गई। सांसद मनीष जायसवाल और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में जाकर दुकानदारों और ग्राहकों को नई जीएसटी दरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सांसद ने दुकानदारों से अपील की कि वे संशोधित दरों के अनुसार ही सामग्री बेचें।
कार्यकर्ताओं ने हाथों में भाजपा के झंडे और “जीएसटी में कमी” तथा “स्वदेशी जागरण” से संबंधित तख्तियाँ लेकर नारे बुलंद किए। सांसद ने प्रतिष्ठान संचालकों और ग्राहकों को गुलाब के फूल भेंट कर नई जीएसटी के अनुरूप खरीद-बिक्री करने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का भावनात्मक आह्वान किया।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्सवों की शुरुआत के अवसर पर जनता को “बचत उत्सव का तोहफ़ा” दिया है। उन्होंने इसे जनता के लिए बड़ी राहत बताया और प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
अभियान के दौरान लोगों ने सांसद मनीष जायसवाल और भाजपा नेताओं का माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। कई प्रतिष्ठान संचालकों ने नई जीएसटी दरों का पालन करने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आश्वासन दिया। पदयात्रा के दौरान “जीएसटी घटी मिली दिवाली उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार”, “हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी” और “पीएम मोदी का आभार” जैसे नारे गूंजते रहे।