गिद्दी (हजारीबाग) : शुक्रवार को गिद्दी थाना क्षेत्र के वासरी कॉलोनी में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वासरी कॉलोनी स्थित गिद्दी चिकन दुकान के पास दो बाइक तेज रफ्तार में आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास की दुकानों में खड़े लोग सहम उठे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में सतकड़िया निवासी राजेश बेसरा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गिद्दी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं मिश्राईनमोढ़ा निवासी प्रेम बेदिया (35 वर्ष) और किशोर बेदिया (40 वर्ष) घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही गिद्दी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अस्पताल में मृतक और घायलों के परिजनों व ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।