रामगढ, झारखंड : नवरात्रि के पावन अवसर पर शनिवार 27 सितंबर 2025 को श्री कृष्ण विद्या मंदिर रामगढ़ में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता), उपाध्यक्ष बजरंगलाल अग्रवाल,सचिव विमल किशोर जाजू तथा समिति के वरिष्ठ सदस्य महावीर अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा चौथी के नन्हे मुन्ने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य से हुआ। तत्पश्चात कक्षा दशवीं और ग्यारहवीं की छात्राओं ने भक्ति नृत्य के माध्यम से मां दुर्गा की स्तुति को अलग-अलग शैली में प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को आत्मिक शांति और गहन श्रद्धा का अनुभव कराया। वहीं दूसरी ओर कक्षा छठी और सातवीं की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत ‘ गरबा नृत्य’ ने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ताल पर थिरकते कदमों ने गुजरात के लोक संस्कृति को जीवंत कर दिया एवं यह संदेश दिया कि भारत की विविध संस्कृतियाँ उत्सवों के माध्यम से एक सूत्र में बंधी हुई है। कक्षा बारहवीं की छात्राओं एवं अन्य विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘ महिषासुर मर्दिनी’ का मंचन कार्यक्रम का उत्कर्ष बिंदु रहा। मां दुर्गा और असुर के संघर्ष का जीवंत मंचन देख दर्शकों के रोंगटे खड़े हो गए और हर तरफ ‘ माता रानी की जय’ के स्वर गूंज उठे।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) ने सभी उपस्थित छात्र – छात्राओं, शिक्षक – शिक्षिकाओं तथा गैर – शिक्षण कर्मचारीयो को दुर्गा पूजा की बधाई दी तथा अपने संबोधन में कहा कि नवरात्रि हमें याद दिलाती है कि हर व्यक्ति के भीतर एक देवी की शक्ति है जिससे हम अपने जीवन के सभी बाधाओं को पार कर सकते हैं।
इस प्रकार नवरात्रि का यह कार्यक्रम न केवल दर्शकों के लिए मनोरंजक और प्रेरणादायक रहा बल्कि विद्यालय के सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी और समर्पण के कारण अत्यंत फलदायी और सफल साबित हुआ। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सांस्कृतिक जागरूकता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।