रामगढ़ जिला कांग्रेस कमिटी के मीडिया चेयरमैन मुकेश यादव ने दिया इस्तीफा

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिला कांग्रेस कमिटी के मीडिया चेयरमैन सह प्रवक्ता मुकेश यादव ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह निर्णय पार्टी में हाल ही में हुए संगठनात्मक बदलावों के बाद लिया।

मुकेश यादव ने अपना त्यागपत्र झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मीडिया चेयरमैन सतीश पाल मुंजनी को भेजा है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि कांग्रेस पार्टी द्वारा संगठन सृजन का कार्यक्रम पूरे देश में चलाया जा रहा है और झारखंड में भी जिला अध्यक्षों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि वे भी रामगढ़ जिला अध्यक्ष पद के दावेदारों में शामिल थे, लेकिन पार्टी आलाकमान के निर्णय का सम्मान करते हुए नव-मनोनित अध्यक्ष श्रीमती ममता देवी को शुभकामनाएं दी हैं।

मुकेश यादव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि मीडिया चेयरमैन सह प्रवक्ता का पद संगठन में अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, और वे नहीं चाहते कि नए जिला अध्यक्ष को संगठन संचालन में किसी प्रकार की असुविधा महसूस हो। इसलिए उन्होंने नैतिक आधार पर पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।

इस्तीफे की प्रतिलिपि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी को भी भेजी गई है।