छठ घाट निर्माण को लेकर मुक्तिधाम संस्था ने उपायुक्त रामगढ़ को सौंपा मांग पत्र 

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : मुक्तिधाम संस्था रामगढ़ के सदस्यों ने सोमवार को माननीय उपायुक्त महोदय से मुलाकात कर एक महत्वपूर्ण मांग पत्र सौंपा। संस्था ने आग्रह किया कि आगामी छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए दामोदर नदी तट पर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु एक सुसज्जित छठ घाट का निर्माण कराया जाए।

संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि रामगढ़ जिले की विशाल आबादी में हर वर्ष हजारों श्रद्धालु सूर्य उपासना के इस महापर्व में भाग लेते हैं। तीन दिनों के कठिन व्रत के बाद श्रद्धालु दामोदर तट पर सूर्यास्त और सूर्योदय के समय भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं तथा परिवार और समाज की सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की प्रार्थना करते हैं।

संस्था ने उपायुक्त महोदय के समक्ष यह भी रखा कि वर्तमान में दामोदर तट पर छठ पर्व के लिए कोई स्थायी या समुचित व्यवस्था नहीं है। अतः एक सुंदर कॉरिडोर के रूप में छठ घाट का निर्माण करवाया जाए, जिसमें उचित प्रकाश व्यवस्था और बैठने की सुविधा भी हो। इससे श्रद्धालु न केवल पूजा कर सकेंगे बल्कि सुबह-शाम दामोदर नदी के सौंदर्य का आनंद भी ले पाएंगे।

प्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर डीपीओ श्री संतोष भगत ने स्वयं नदी किनारे का निरीक्षण किया था और वहां की स्थिति से अवगत हुए थे।

उपायुक्त महोदय ने मुक्तिधाम संस्था का आवेदन सहर्ष स्वीकार किया और कहा कि इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष श्री राजकुमार अग्रवाल, सचिव श्री भास्कर अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सह संयोजक कमल बगड़िया, सदस्य श्री राजेश कुमार अग्रवाल तथा सहयोगी श्री सुरेश बगड़िया उपस्थित रहे।