बरकाकाना (रामगढ़) : सीआईसी सेक्शन के उरलुंग रेलवे ट्रैक के पोल संख्या 98/4ए व 2ए के बीच सोमवार को एक युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बरकाकाना आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटाकर बरकाकाना ओपी पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची बरकाकाना ओपी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान उदय उरांव (19 वर्ष), पिता संजय उरांव, निवासी अरगड्डा अंबेडकर नगर झोपड़ी के रूप में की गई है।
मृतक की सौतेली मां सुनीता देवी ने बताया कि उदय ने हाल ही में श्रमिक हाई स्कूल प्लस टू से 12वीं की परीक्षा पास की थी और आगे आईटीआई कोर्स में दाखिला लेने की तैयारी कर रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि वह अक्सर मोबाइल में व्यस्त रहता था।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि युवक की मौत दुर्घटनावश हुई या आत्महत्या का मामला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगा।