आंगनबाड़ी सेविका की संदिग्ध हत्या से सनसनी, आक्रोशित ग्रामीणों ने पतरातू–रामगढ़ मुख्य मार्ग जाम किया

Spread the love

 

अंजली गाड़ी का शव

भुरकुंडा (रामगढ), झारखंड  : भदानीनगर ओपी क्षेत्र के चैनगड्डा ओवरब्रिज के पास शनिवार सुबह एक आंगनबाड़ी सेविका का संदिग्ध हालत में शव बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अंजली गाड़ी (पति सुबोध उरांव, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी घाघरा) के रूप में हुई है। वह भदानीनगर क्षेत्र में आंगनबाड़ी सेविका के पद पर कार्यरत थी।

शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए पतरातू–रामगढ़ फोरलेन मार्ग को भदानीनगर ओपी के पास जाम कर दिया। ग्रामीणों ने मांग की कि हत्यारे की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। जाम के कारण आवागमन कई घंटे बाधित रहा।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात

मृतका का शव धान की नेवारी संग्रहित करने वाले एक दुकान के पास मिला। दुकान मालिक मदन महतो ने बताया कि सुबह सफाई के दौरान स्टाफ ने सड़क किनारे शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम हेतु सदर अस्पताल रामगढ़ भेजा।

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच में यह सामने आया कि एक ट्रक चालक ने पहले महिला से बातचीत की, फिर चला गया। कुछ देर बाद वह फिर लौटा और महिला से छेड़छाड़ करने लगा, जो कैमरे में स्पष्ट रूप से दर्ज है। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर रही है।

घटना से पहले क्या हुआ था

जानकारी के अनुसार, अंजली गाड़ी शुक्रवार को कैथा (रामगढ़) में आयोजित सत्संग में शामिल हुई थीं। लौटते समय वह अपने एक परिचित के साथ चैनगड्डा तक बाइक से आईं, और अपने रिश्तेदार को यह कहकर वापस भेज दिया कि अब उजाला हो गया है, कोई न कोई गाड़ी मिल जाएगी जिससे वह घर लौट जाएंगी। इसके बाद वह सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रही थीं, तभी यह घटना घट गई।

ग्रामीणों का गुस्सा और पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अपराधी को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं भदानीनगर ओपी पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।