रांची / रामगढ :अमन साहू गैंग से जुड़े कुख्यात अपराधी सुनील मीणा उर्फ मयंक सिंह को अब रामगढ़ केंद्रीय कारागार से जमशेदपुर की घाघीडीह सेंट्रल जेल में स्थानांतरित किया जाएगा। जेल प्रशासन ने उसकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की थी। सूत्रों के अनुसार, उसके गैंग के सक्रिय सदस्य जेल के बाहर अपराध की साजिश रच सकते हैं, जिससे उसकी और अन्य कैदियों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ था।
जेल आईजी ने दी मंजूरी
जेल विभाग की सिफारिश पर जेल महानिरीक्षक ने सुनील मीणा को तत्काल प्रभाव से घाघीडीह सेंट्रल जेल भेजने के आदेश दिए हैं। नई जेल में उसकी निगरानी उच्च सुरक्षा व्यवस्था के तहत की जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
अजरबैजान से प्रत्यर्पित किया गया था
सुनील मीणा झारखंड का पहला अपराधी है जिसे विदेश से प्रत्यर्पित कर लाया गया। उसे अजरबैजान से भारत लाकर रामगढ़ जेल में रखा गया था। अब उसे सुरक्षा कारणों से शिफ्ट किया जा रहा है।
कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज
मीणा पर हजारीबाग जिले के बड़कागांव और उरीमारी थाना क्षेत्रों में कई जबरन वसूली के मामले दर्ज हैं। इनमें बड़कागांव थाना कांड संख्या 198/21, 252/21, 256/21, 287/23, 208/23, उरीमारी ओपी कांड संख्या 196/21 और डाड़ीकला ओपी कांड संख्या 182/23 शामिल हैं। इन सभी मामलों में भारतीय दंड संहिता की धारा 385 और 387 के तहत आरोप लगाए गए हैं। पुलिस इन मामलों की जांच में जुटी है।