दूध लेकर जा रही महिला के गले से उचक्कों ने झपटी सोने की चेन

Spread the love

 बाइक सवार दो बदमाश रामगढ़ की ओर फरार, पुलिस जांच में जुटी

कुजू (रामगढ), झारखंड : क्षेत्र के भरेचनगर सांडी में मंगलवार अपराह्न करीब 4:53 बजे एक महिला से बाइक सवार उचक्कों ने दिनदहाड़े सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला रंजू चौधरी, पति डी.एन. चौधरी, रोजाना की तरह दूध लेने जा रही थीं। इसी दौरान दो बाइक सवार युवकों ने पहले उन्हें धक्का मारने की कोशिश की, लेकिन महिला ने किसी तरह खुद को संभाल लिया।

दूध लेकर घर लौटने के दौरान, काले रंग की केटीएम बाइक पर सवार वही दोनों युवक विजय शर्मा के घर का पता पूछने के बहाने महिला के पास पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने अचानक झटका मारकर महिला के गले से सोने की चेन तोड़ ली और तेज रफ्तार से रामगढ़ की ओर भाग निकले।

महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। बताया गया कि लूटी गई चेन करीब 25 ग्राम सोने की थी, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आस-पास के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।