झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का असर, 29 और 30 अक्तूबर को भारी बारिश की संभावना

Spread the love

रांची, झारखंड: देश में जल्द ही चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ दस्तक देने वाला है, जिसका प्रभाव पूर्वी भारत के कई राज्यों में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार इसका असर झारखंड में भी पड़ेगा। राज्य के संताल और कोल्हान प्रमंडल में 29 और 30 अक्तूबर को कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम केंद्र रांची के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र तेज़ी से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। यह 27 अक्तूबर तक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है और 28 अक्तूबर की रात तक आंध्र प्रदेश तट के काकीनाडा क्षेत्र के आसपास तट से टकराने की संभावना है।

इस दौरान तटीय राज्यों — तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा — में 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और समुद्र में ऊँची लहरें उठने की चेतावनी जारी की गई है।

झारखंड में इसके प्रभाव से अगले सप्ताह के आरंभ में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। रांची, बोकारो, जमशेदपुर, दुमका, साहेबगंज और चाईबासा समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

प्रशासन ने भी संभावित भारी वर्षा को देखते हुए निचले इलाकों में जलजमाव से बचाव के लिए आवश्यक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं।