कुजू के मुरपा में जंगली हाथियों का कहर, फसलें रौंदी, वन विभाग व क्यूआरटी टीम खदेड़ने में जुटी

Spread the love

हाथियों द्वारा खाई गयी धन की फसल 

हाथियों द्वारा तोड़ी गयी चहारदीवारी

कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू के मुरपा बस्ती में गुरुवार रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। करीब दो दर्जन हाथियों का झुंड देर रात गांव में घुस आया और खेतों में खड़ी फसलों को रौंद डाला। हाथियों के हमले से इलाके में दहशत का माहौल है।

हाथियों ने धान, आलू, प्याज, लहसुन, बैंगन सहित कई फसलों को नुकसान पहुंचाया। साथ ही कई घरों के आसपास बनी चहारदीवारियों को भी तोड़ दिया। ग्रामीणों के अनुसार, झुंड ने पूरे क्षेत्र में घंटों तक तबाही मचाई और खेतों को पूरी तरह बर्बाद कर दिया।

सूचना मिलते ही कुजू वन क्षेत्र पदाधिकारी बटेश्वर पासवान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन कर्मियों ने मशाल और पटाखों की मदद से हाथियों को भगाने का प्रयास किया। इसके लिए पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और गोला से बुलाई गई क्यूआरटी टीम को भी लगाया गया।
फिर भी, खबर है कि हाथियों का झुंड अब भी मुरपा जंगल के अंदर डेरा जमाए हुए है।

कुजू रेंजर बटेश्वर पासवान ने बताया कि अतना सिरका जंगल से लगभग 40 हाथियों के झुंड को बोंगाहारा जंगल की ओर भेजा जा रहा था, तभी उनमें से करीब दो दर्जन हाथियों का समूह रास्ता भटककर मुरपा बस्ती की ओर आ गया और फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया।

हाथियों द्वारा जिन किसानों की फसलें नष्ट की गईं उनमें प्रमुख रूप से जीवाधन महतो, खेदन महतो, अघनु महतो, प्रेम पटेल, राजू महतो, छेदी महतो, संदीप महतो, उमेश महतो, मुकेश महतो, गोवर्धन महतो, मनीष महतो, महेश महतो, हेमलाल महतो, कमलेश महतो, प्रदीप महतो, फिरंगी महतो समेत कई किसान शामिल हैं।

वन विभाग ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। प्रभावित किसानों को फॉर्म वितरित किए जा रहे हैं ताकि फसलों की क्षति का सही मूल्यांकन किया जा सके। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।