कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू ओपी क्षेत्र के रउता गांव में रविवार को ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बैजनाथ रजवार ने की, जबकि संचालन रामचल मुंडा ने किया। बैठक का मुख्य एजेंडा गांव में कथित धर्मांतरण गतिविधियों का विरोध रहा।
बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि कुछ बाहरी लोग लालच और दबाव देकर भोले-भाले ग्रामीणों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जो सामाजिक एकता के लिए गंभीर खतरा है। इस पर एकजुट होकर विरोध करने और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में कुजू ओपी में सिद्धार्थ कुमार उर्फ राजू नामक व्यक्ति के खिलाफ आदिवासी समुदाय के खिलाफ धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज की गई है। रउता निवासी विजय रजवार ने भी आवेदन देकर कहा है कि आरोपी उन्हें प्रति माह 20 हजार रुपये देने का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर कर रहा था। जब उन्होंने इनकार किया, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के बाद आरोपी अपने घर पर ताला लगाकर गांव से फरार हो गया है।
बैठक में ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
बैठक में रामचल मुंडा, बैजनाथ रजवार, नरेश प्रसाद साहू, मनोज गिरी, सुकेश्वर मुंडा, धनेश्वर यादव, विनोद सिंह, लोकनाथ रजवार, पवन मुंडा, विजय मुंडा, सुनील मुंडा, महेंद्र मुंडा, दीपक रजवार, प्रमोद प्रसाद, परमेश्वर मुंडा, अक्षय कुमार, जिमी साव समेत अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।