डीजीपी अनुराग गुप्ता ने दिया इस्तीफा, झारखंड पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Spread the love

रांची, झारखंड: मंगलवार रात झारखंड पुलिस विभाग से बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग गुप्ता ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार उन्होंने पुलिस मुख्यालय से ही अपना इस्तीफा राज्य सरकार को भेजा है। हालांकि, सरकार की ओर से उनके इस्तीफे को मंजूरी देने की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर शाम करीब 7:30 बजे डीजीपी कार्यालय में अचानक गतिविधियां तेज हो गईं। बताया जा रहा है कि कार्यालय बंद होने के बाद स्वयं अनुराग गुप्ता वहां पहुंचे और कुछ देर बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कांके रोड स्थित आवास पर मुलाकात करने गए। इसके बाद उनके इस्तीफे की खबर फैल गई।

अनुराग गुप्ता को इसी वर्ष फरवरी 2025 में झारखंड का नियमित डीजीपी नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल फरवरी 2027 तक तय था। डीजीपी के साथ-साथ उन्हें एसीबी और सीआईडी डीजी का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया था, लेकिन सितंबर 2025 में सरकार ने उनसे एसीबी व् सीआईडी का प्रभार वापस ले लिया था। इसके बाद से ही उनके पद से हटाए जाने की चर्चा चल रही थी।

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में अब नए डीजीपी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, प्रशांत सिंह और एमएस भाटिया के नाम नए डीजीपी की संभावित सूची में शामिल बताए जा रहे हैं।

वर्ष 2022 में अनुराग गुप्ता को डीजी रैंक में पदोन्नति मिली थी और उन्हें डीजी ट्रेनिंग बनाया गया था। इसके बाद जुलाई 2024 में उन्हें झारखंड का प्रभारी डीजीपी नियुक्त किया गया था। विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें हटाया गया, लेकिन चुनाव के बाद नवंबर 2024 में फिर से डीजीपी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

अब उनके इस्तीफे से पुलिस विभाग में हलचल मच गई है और राज्य सरकार नए डीजीपी की नियुक्ति पर मंथन कर रही है।