बिहार चुनाव 2025: दूसरे चरण में रिकॉर्ड 68.74% मतदान, महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ा : 7 जिलों में 70% से अधिक वोटिंग

Spread the love

पटना (बिहार) : बिहार विधानसभा चुनाव के दो चरणों में इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। दोनों चरणों में औसतन 67 प्रतिशत वोटिंग हुई, जो राज्य के चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। पहले चरण में 65.08 प्रतिशत और दूसरे चरण में 68.74 प्रतिशत मतदान हुआ। आजादी के बाद बिहार में इतने बड़े पैमाने पर मतदान पहले कभी नहीं हुआ था।

महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ा

दूसरे चरण की वोटिंग में महिला मतदाता पुरुषों से आगे रहीं। 1.74 करोड़ महिला वोटरों में से लगभग 71 प्रतिशत ने मतदान किया, जबकि 1.95 करोड़ पुरुष वोटरों में से करीब 62 प्रतिशत ने वोट डाले। दूसरे चरण में 22 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ।

बिहार में पिछले वर्षों में विधानसभा चुनावों में मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा :—
1951-52: 42.60
1957: 43.24
1962: 44.47
1967: 51.51
1969: 52.79
1972: 52.79
1977: 50.51
1980: 57.28
1985: 56.27
1990: 62.04
1995: 61.79
2000: 62.57
2005 (फरवरी): 46.50
2005 (अक्टूबर): 45.85
2010: 52.73
2015: 56.91
2020: 57.29

लोकसभा चुनाव की बात करें तो 1951-52 से 2024 तक बिहार में सबसे अधिक मतदान 1998 में 64.60 प्रतिशत दर्ज हुआ था 

7 जिलों में 70% से अधिक मतदान
दूसरे चरण में सात जिले ऐसे रहे जहाँ 70 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हुई। सबसे अधिक 78.60 प्रतिशत मतदान कटिहार में दर्ज किया गया। इसके बाद किशनगंज लगभग 78 प्रतिशत वोटिंग के साथ दूसरे स्थान पर रहा। पूर्णिया की कसबा और किशनगंज की ठाकुरगंज विधानसभा क्षेत्रों में 81 प्रतिशत से अधिक मत पड़े।

दूसरे चरण में 122 सीटों पर कुल 1302 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इस चरण में 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता शामिल थे। आयोग का कहना है कि अंतिम आंकड़े अपलोड होने के बाद वोटिंग प्रतिशत में हल्का बदलाव संभव है। हल्की-फुल्की घटनाओं को छोड़कर पूरा चुनाव शांतिपूर्ण रहा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।