रामगढ़ में पहली बार कराटे रेफरी, निर्णायक एवं प्रशिक्षक सेमिनार का आयोजन : झारखंड के कराटे इतिहास में नया अध्याय

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : स्पोर्ट्स कराटे संघ, झारखंड के तत्वावधान में रामगढ़ में पहली बार रेफरी, निर्णायक एवं प्रशिक्षक सेमिनार तथा परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक कार्यक्रम 14 एवं 15 नवम्बर 2025 को बंधन बैंक्वेट हॉल, रामगढ़ में आयोजित होगा।

इस दो दिवसीय सेमिनार में प्रतिभागियों को विश्व कराटे महासंघ (वर्ल्ड कराटे फेडरेशन) के नवीन नियमों की जानकारी दी जाएगी तथा कराटे इंडिया संगठन (केआईओ) के अंतर्गत निर्णायक/रेफरी उन्नयन परीक्षा आयोजित की जाएगी।

सेमिनार का संचालन हांशी परमजीत सेन, अध्यक्ष – रेफरी आयोग (केआईओ) एवं रेफरी – विश्व कराटे महासंघ (डब्ल्यूकेएफ) के द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर झारखंड के विभिन्न जिलों से कराटे प्रशिक्षक, निर्णायक और रेफरी भाग लेंगे।

यह आयोजन स्पोर्ट्स कराटे संघ, झारखंड (एसकेएजे) के अध्यक्ष मानस सिन्हा तथा सचिव हिजाज असदाक (निर्णायक, एशियाई कराटे महासंघ) के मार्गदर्शन में संपन्न होगा।

रामगढ़ जिला कराटे डो संघ इस आयोजन की मेजबानी कर रहा है। इसके सचिव शिहान शशि पांडेय और अध्यक्ष नरेन्द्र सिन्हा पूरे उत्साह और समर्पण के साथ आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम झारखंड के कराटे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर लेकर आया है।

संघ ने हांशी भारत शर्मा (अध्यक्ष, केआईओ) एवं क्योशी संजीव कुमार जांगड़ा (महासचिव, केआईओ) का विशेष आभार प्रकट किया है, जिन्होंने झारखंड संघ को यह जिम्मेदारी सौंपी।

यह आयोजन रामगढ़ और झारखंड के कराटे इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा, जिससे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे।