रामगढ, झारखंड : 14 नवंबर बाल दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की सदस्यों ने दिव्यांग बच्चों के विद्यालय उम्मीद में पहुंचकर बच्चों के साथ हर्षोल्लास से बाल दिवस मनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में खुशी, सीख और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में सदस्यों द्वारा गमलों में सजावटी पौधे लगाए गए, जिससे विद्यालय का वातावरण अधिक सुंदर एवं स्वच्छ बन सके। पौधारोपण के माध्यम से बच्चों को प्रकृति से जुड़ने, हरियाली के महत्व को समझने और मानसिक शांति प्राप्त करने का संदेश दिया गया।
साथ ही विद्यालय की दीवारों पर शैक्षणिक पोस्टर लगाए गए, जिससे बच्चों को पढ़ाई में सहायक सामग्री उपलब्ध हो सके। इन पोस्टरों से बच्चे नई चीजें आसानी से समझ पाएंगे, जिससे उनकी सीखने की क्षमता और जिज्ञासा में वृद्धि होगी। इससे विद्यालय का वातावरण और भी शिक्षाप्रद व आकर्षक बन गया।
बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए क्लब की सदस्यों ने उन्हें चॉकलेट पैक वितरित किए। बच्चों की खुशी देख सदस्य भावुक हो उठीं और कार्यक्रम का माहौल उत्साह तथा प्रेम से भर गया।
यह आयोजन प्रेम, संवेदनशीलता, पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा के प्रति जागरूकता का सुंदर उदाहरण साबित हुआ।
इस अवसर पर नमिता श्रॉफ, जनेशा वडेरा, नीरु साहनी, रंजू अग्रवाल, अनुराधा श्रॉफ, जसमीत कौर, नीति अरोरा, श्वेता जैन, प्रियंका जैन, हरमीत कौर, नवलजीत कौर, जसप्रीत कौर, पिंकी बंसल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।