रामगढ़ नगर परिषद रामगढ़ और सिटी मैनेजर प्रेम प्रकाश पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन सौंपा

Spread the love

रामगढ, झारखंड : नगर परिषद रामगढ़ के क्रियाकलापों और परिषद के सिटी मैनेजर प्रेम प्रकाश के खिलाफ एक शिकायत आवेदन शुक्रवार, 14 नवंबर 2025 को कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपा गया। यह आवेदन ग्राम गोबरदरहा, पोस्ट कैथा, थाना व जिला रामगढ़ के निवासी कमलनाथ महतो द्वारा दिया गया है, जिसमें कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

आवेदन में लिखा गया है कि नगर परिषद में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। दावा किया गया है कि परिषद के पदाधिकारी गरीब जनता को भवन निर्माण नक्शा के नाम पर अनावश्यक रूप से डरा-धमका कर अवैध वसूली कर रहे हैं। वहीं पैसों वाले लोगों से रिश्वत लेकर उन्हें मनमर्जी से बिना नक्शा मकान निर्माण की अनुमति दे दी जाती है। शिकायत के अनुसार गरीब लोगों को बार-बार नोटिस देकर निर्माण कार्य रुकवा दिया जाता है, जबकि आर्थिक रूप से सक्षम लोगों से पैसा लेकर उन्हें निर्माण जारी रखने दिया जाता है।

कमलनाथ महतो ने आवेदन में उल्लेख किया है कि कई महीनों से सिंह होटल का निर्माण चर्चा में है, जहां नगर परिषद द्वारा अवैध राशि लेकर निर्माण होने दिया गया। इसी तरह, वार्ड नंबर 27, एनएच-33 स्थित मौजा हुहुुआ, खाता नगर 23, प्लॉट नंबर 444/445 पर भी सिटी मैनेजर प्रेम प्रकाश द्वारा कथित रूप से पैसा लेकर निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि इस मकान का सेंट्रिंग पूरा हो चुका है और रविवार, 16 नवंबर को ढलाई होने वाली है।

शिकायतकर्ता ने यह भी प्रश्न उठाया है कि यदि नगर परिषद और उसके अधिकारी भ्रष्टाचार से मुक्त हैं, तो यह स्पष्ट करें कि इस निर्माण कार्य पर कितनी बार नोटिस जारी किया गया है। कमलनाथ महतो ने सिटी मैनेजर प्रेम प्रकाश के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।

आवेदन पर नगर परिषद रामगढ़ द्वारा क्या कदम उठाया जाएगा, यह देखना महत्वपूर्ण होगा क्योंकि आरोप बेहद गंभीर हैं और सीधे तौर पर प्रशासनिक पारदर्शिता पर सवाल उठाते हैं।