राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना दुलमी विद्यालय का शिलापट्ट, सांसद प्रतिनिधि का नाम शामिल होने पर मिश्रित प्रतिक्रियाएँ

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिला के राजनीतिक हलकों में इन दिनों एक शिलापट्ट को लेकर खूब चर्चा हो रही है। यह शिलापट्ट जनता उच्च विद्यालय दुलमी में लगाया गया है, जहाँ सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र द्वारा सीएसआर मद से एक अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब का निर्माण किया गया। इस लैब का उद्घाटन 17 नवंबर 2025 को हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल द्वारा किया गया था। उद्घाटन स्थल पर सीसीएल की ओर से लगाए गए शिलापट्ट पर सांसद, सीसीएल अधिकारियों के साथ-साथ एक सांसद प्रतिनिधि का नाम भी दर्ज है।

स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह पहली बार देखा गया है जब किसी सांसद प्रतिनिधि का नाम भी शिलापट्ट पर अंकित किया गया हो। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में मिश्रित प्रतिक्रियाएँ देखने को मिल रही हैं। कुछ सांसद प्रतिनिधियों ने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि प्रतिनिधियों के नाम शामिल किए जाने चाहिए, क्योंकि वे जनता के साथ सीधे तौर पर कार्य करते हैं। वहीं, कुछ प्रतिनिधियों ने इस पर असहमति जताई और नाराजगी भी व्यक्त की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी इस मुद्दे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अब वे अपने विधायकों से अनुरोध करेंगे कि भविष्य में किसी विकास परियोजना के उद्घाटन के दौरान लगने वाले शिलापट्ट पर उनके प्रतिनिधियों के नाम भी शामिल किए जाएँ।

सीसीएल, एक केंद्रीय सरकारी उपक्रम होने के नाते, शिलापट्ट पर किन-किन नामों को शामिल किया जाना चाहिए, इसे लेकर कोई स्पष्ट नियम उपलब्ध नहीं है। हालांकि, दुलमी विद्यालय के शिलापट्ट को लेकर रामगढ़ जिले में यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।