कुएं में डूबने से सिपाही दशरथ बैठा की मौत, पुलिस अधीक्षक ने परिजनों से मिलकर दी सहायता

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिला पुलिस बल के सिपाही दशरथ बैठा (56) की मौत कुएं में गिरने से हो गई। वे छत्तरमांडू स्थित रामगढ़ व्यवहार न्यायालय में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। बुधवार सुबह रामगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात खाना खाने के बाद वे किसी से फोन पर बात करते हुए क्वार्टर से बाहर निकले। इसी दौरान न्यायालय परिसर के समीप स्थित समतल खुले कुएं में वे अनजाने में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार को पुलिस ने घटना की पुष्टि की।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई। सिपाही दशरथ बैठा के पार्थिव शरीर को पुलिस केंद्र, रामगढ़ में पूर्ण सम्मान के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई।

श्रद्धांजलि देने वालों में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार (भापुसे), सहायक पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सीसीआर डीएसपी, मांडू/पतरातु/गोला के पुलिस निरीक्षक, रामगढ़/रजरप्पा थाना प्रभारी, विभिन्न ओपी प्रभारी सहित पुलिस बल के कई अधिकारी और जवान उपस्थित थे।

श्रद्धांजलि के बाद पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने मृत सिपाही के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने विभागीय स्तर पर मानवीय सहायता राशि प्रदान की और परिजनों को सरकार द्वारा प्रावधानित मुआवजा तथा अनुकंपा आधारित नौकरी उपलब्ध कराने के संबंध में भरोसा दिलाया।

सिपाही दशरथ बैठा के निधन से पुलिस विभाग ने एक अनुशासित और समर्पित कर्मी को खो दिया है।