पतरातू घाटी में ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो छात्रों की मौत 

Spread the love

पतरातू (रामगढ़), झारखंड : पिठोरिया–पतरातू घाटी में गुरुवार दोपहर लगभग तीन बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार दो छात्रों की मौत हो गई। दोनों छात्र ओरमांझी स्थित माउंट कार्मेल स्कूल में कक्षा 9 के छात्र थे।

मृत छात्रों की पहचान अभिजय रंजन, निवासी कुच्चू, पिता—कृष्ण कुमार शर्मा (शिक्षा विभाग में कार्यरत), आदित्य कुमार, निवासी बूटी गाँव के रूप में हुई । दोनों की उम्र लगभग 16 वर्ष थी।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों छात्र घर पहुंचे थे। दोपहर लगभग दो बजे वे घर से यह कहकर निकले कि ट्यूशन पढ़ने जा रहे हैं। इस दौरान आदित्य कुमार अपने घर से स्कूटी लेकर कुच्चू पहुँचा और वहां से अपने दोस्त अभिजय को लेकर पिठोरिया रास्ते होते हुए पतरातू घाटी घूमने के लिए निकले।

जब वे बुचाव घाटी, पिठोरिया थाना से कुछ दूरी पर पहुँचे, तभी पतरातू की ओर से रांची की ओर जा रहे एक ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी ट्रेलर में फंस गई।

पिठोरिया थाना पुलिस की टीम ने तत्काल दोनों को रिम्स, रांची भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों घरों में मातम छा गया। अभिजय के पिता ने बताया कि उनका बेटा घर से “ट्यूशन पढ़ने” की बात कहकर निकला था, लेकिन शाम में सड़क हादसे की सूचना मिली। दोनों छात्रों की माताओं का रो-रोकर बुरा हाल है।