
लोगों के अनुरोध पर सेल्फी लेते हेमंत सोरेन
रांची, झारखंड : राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष पूरा होने पर मोरहाबादी मैदान में शुक्रवार को भव्य राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उपस्थित युवाओं और आमजन को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर विभिन्न पदों के कुल 8792 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर नौजवानों को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दिन ऐतिहासिक है, क्योंकि इतने बड़े पैमाने पर युवाओं को एक साथ नियुक्ति पत्र देने का अवसर मिला है।
युवाओं के सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त अभ्यर्थियों से अपील की कि वे जहाँ भी पदस्थापित हों, वहाँ कम से कम एक युवा को मार्गदर्शन देकर सक्षम बनाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही झारखंड को मजबूत और विकसित राज्य बनाया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है। राज्य के हर वर्ग—आदिवासी, दलित, पिछड़ा, महिला, दिव्यांग और युवाओं—को योजनाओं और अवसरों से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष बल
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी योजना से लाभान्वित कई महिलाओं ने शिक्षा पूरी कर सरकारी सेवाओं में स्थान प्राप्त किया है। विभिन्न परीक्षाओं में महिला अभ्यर्थियों की उल्लेखनीय सफलता इसे साबित करती है।
इन पदों पर मिली नियुक्तियाँ
समारोह में उप समाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक, राज्य कर पदाधिकारी, काराधीक्षक, झारखंड शिक्षा सेवा, जिला समादेष्टा, सहायक निबंधक, श्रम अधीक्षक, प्रोबेशन पदाधिकारी, उत्पाद निरीक्षक, दंत चिकित्सक, कीटपालक तथा सहायक आचार्य सहित अन्य पदों पर अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इसके अलावा कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए 84 पुलिसकर्मियों के परिजनों को भी अनुकंपा पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।