बिहार विधान सभा में 235 विधायकों ने ली शपथ, प्रेम कुमार ने विस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया 

Spread the love

पटना (बिहार) : बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र का पहला दिन कई अहम घटनाओं का साक्षी बना। सोमवार से शुरू हुए इस सत्र में नवनिर्वाचित 243 विधायकों में से 235 ने शपथ ली। शपथ ग्रहण की शुरुआत उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा की गई, जिसके बाद विजय सिन्हा समेत मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने क्रमवार शपथ ली। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी सदन में मौजूद रहे।

इस दौरान एनडीए की ओर से बीजेपी नेता प्रेम कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए आधिकारिक रूप से अपना नामांकन दाखिल किया। वह गया सदर सीट से लगातार नौवीं बार विजयी हुए हैं।

सत्र का एक विशेष आकर्षण रहा—विधानसभा की कार्यवाही का पूरी तरह पेपरलेस होना। ‘नेशनल ई-विधान (NEVA)’ के माध्यम से सदन की कार्यवाही संचालित हुई, जो डिजिटल इंडिया पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

शपथ ग्रहण के दौरान कई रोचक दृश्य भी देखने को मिले—

युवा विधायक मैथिली ठाकुर ने मैथिली भाषा में शपथ ली और अपनी पहली उपस्थिति से लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

पूर्व सहयोगी और अब राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बन चुके रामकृपाल यादव और तेजस्वी यादव के बीच गर्मजोशी भरा आलिंगन सदन में सकारात्मक माहौल का कारण बना।

महिषी से आरजेडी विधायक गौतम ऋषि ने हवाई चप्पल और ऑटो से विधानसभा पहुंचकर चर्चा बटोरी।

राज्यपाल द्वारा प्रोटेम स्पीकर को राजभवन में ही शपथ दिलाई गई थी। सात विधायक अभी शपथ नहीं ले सके हैं, जिनमें मदन सहनी, जीवेश मिश्रा, विनय बिहारी, केदारनाथ सिंह, अनंत सिंह, डॉ. सुनील कुमार और अमरेन्द्र पांडेय शामिल हैं।

विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव 2 दिसंबर को होगा, जबकि पूरा सत्र 5 दिसंबर तक चलेगा। विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों ही सदन में अपनी-अपनी रणनीति के साथ पहुंच चुके हैं।