रामगढ़, झारखंड: नई सराय स्थित ट्रैफिक चेक पोस्ट पर मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ग्लैमर मोटरसाइकिल (जेएच11एस-4198) से अवैध देसी रिवॉल्वर और जिंदा गोली बरामद की है। मामले में रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पु.अ.नि. मनोज कुमार द्वारा आवेदन दिया गया है।
एंटी क्राइम वाहन चेकिंग के दौरान बरामद हुआ हथियार
मिली जानकारी के अनुसार, पुअनि मनोज कुमार (उम्र 55 वर्ष) सुबह 10 बजे से ट्रैफिक व्यवस्था और एंटी क्राइम वाहन चेकिंग में तैनात थे। इस दौरान दोपहर लगभग 1:30 बजे एक ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार युवक को रोककर उसके दस्तावेज मांगे गए। युवक ने कहा कि वह घर से कागज लाकर देता है, जिसके बाद पुलिस ने उसकी फोटो खींचकर उसे समय दिया।
लेकिन देर शाम 5 बजे तक वह युवक नहीं लौटा, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। जांच में मोटरसाइकिल का इंजन नंबर और चेसिस नंबर सही पाए गए। आसपास पूछताछ करने के बाद भी कोई दावेदार सामने नहीं आया।
डिक्की तोड़कर हुई जांच, मिला देसी रिवॉल्वर
शहरी गश्ती पुलिस पदाधिकारी पु.अ.नि. सुरेश उराँव को मौके पर बुलाया गया। संदिग्ध स्थिति के कारण मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़ी गई। इसके भीतर से एक हरे रंग का बैग मिला।
बैग खोलने पर पुलिस को—
एक देसी रिवॉल्वर
रिवॉल्वर के चैम्बर से एक जिंदा गोली (380 लिखा हुआ)
एक चाँदी जैसा पायल
बरामद हुआ। बरामदगी की यह कार्रवाई पुलिस के सामने मौजूद गवाह आ. 427 नरेश कुमार महतो और हवलदार संजय कुमार राय की उपस्थिति में की गई।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करने का अनुरोध
पुलिस के अनुसार, बिना लाइसेंस के अवैध हथियार रखना और उसका परिवहन करना संज्ञेय एवं दंडनीय अपराध है।
पुअनि मनोज कुमार ने आवेदन देकर मोटरसाइकिल चालक एवं मालिक के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।