रामगढ़, झारखंड : इनर व्हील क्लब रामगढ़ ने महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति होने वाली हिंसा के उन्मूलन और नशामुक्ति संदेश को प्रसारित करने के लिए एक प्रभावशाली जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। क्लब द्वारा वैश्विक पहल ‘ऑरेंज द वर्ल्ड’ और ‘Say No to Narcotics’ विषय पर बनाए गए दो विशेष वीडियो को शहर के सभी प्रमुख LED बोर्डों पर एक साथ प्रदर्शित किया जा रहा है, जिससे पूरे शहर में चर्चा और जागरूकता का सकारात्मक माहौल बन गया है।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगे LED बोर्डों पर इन वीडियो का लगातार प्रसारण हो रहा है। क्लब अध्यक्ष नमिता श्रॉफ ने बताया कि यह पहल रामगढ़ में सुरक्षित समाज निर्माण और नशामुक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं पर होने वाली हिंसा के विभिन्न पहलुओं, उनसे बचाव और सहायता प्राप्त करने के तरीकों पर वीडियो में विस्तार से प्रकाश डाला गया है, जिससे लोगों को व्यावहारिक जानकारी भी मिल रही है।
इसी तरह, नशा उन्मूलन पर आधारित वीडियो खासकर युवाओं को यह संदेश देने पर केंद्रित है कि नशा स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा और करियर—सभी के लिए नुकसानदेह है। युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को देखते हुए क्लब ने इसे अत्यंत आवश्यक कदम बताया।
इसके अलावा, रामगढ़ की Eyelax Multiplex में भी ‘ऑरेंज द वर्ल्ड’ अभियान से संबंधित वीडियो प्रदर्शित किया जा रहा है। फिल्म देखने आए दर्शकों ने इस पहल की सराहना की, वहीं मल्टीप्लेक्स प्रशासन ने भी ऐसे महत्वपूर्ण सामाजिक अभियानों में सहयोग देने पर खुशी व्यक्त की।
इनर व्हील क्लब रामगढ़ ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल संदेश प्रसारित करना नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करना और सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित करना है। क्लब ने आगे भी इसी तरह के जनहित कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की घोषणा की है। कार्यक्रम के दौरान जनेशा वडेरा, निधि चौधरी, अनुराधा श्रॉफ, पिंकी गांधी, ममता वसंत सहित कई सदस्य मौजूद रहीं।