झारखंड के युवकों की गोवा में मौत, रांची एयरपोर्ट लाया गया पार्थिव शरीर

Spread the love

रांची, झारखंड : उत्तरी गोवा के अरपोरा स्थित लोकप्रिय नाइट क्लब बर्च बाय रोमियो लेन में शनिवार देर रात लगी भीषण आग में 25 लोगों की जान चली गई। इस दुर्घटना में झारखंड के तीन युवा—प्रदीप महतो, बिनोद महतो और मोहित मुंडा—भी मारे गए। सभी गोवा में रसोई एवं सहायक कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। हादसे के बाद मृतकों के पार्थिव शरीर सोमवार को रांची एयरपोर्ट लाए गए, जहां कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री बंधु तिर्की भी मौजूद रहे।

गोवा मेडिकल कॉलेज के शवगृह के बाहर झारखंड और असम से आए परिजनों की भीड़ जमा रही। कई शव अत्यधिक जल जाने के कारण पहचान मुश्किल हो गई थी। मरने वालों में खूंटी जिले (Jharkhand) के कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर गांव के 22 वर्षीय मोहित मुंडा भी शामिल थे, जो लगभग 11 माह पहले पहली बार काम करने गोवा गए थे। उनके बड़े भाई अनिल मुंडा के अनुसार मोहित नाइट क्लब में बतौर कुक काम करते थे, जबकि उनका एक अन्य भाई पहले से ही गोवा में कार्यरत है।

दुर्घटना की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वीकेंड होने की वजह से नाइट क्लब में असामान्य भीड़ थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के समय डांस फ्लोर पर 100 से अधिक लोग मौजूद थे। नीचे बने किचन और सर्विस एरिया में भी कर्मचारी एवं पर्यटक फंस गए। संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को क्लब से लगभग 400 मीटर पहले ही रोकना पड़ा, जिससे राहत और बचाव कार्य में देरी हुई।

पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने इस घटना को गंभीर लापरवाही का परिणाम मानते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। कई जिम्मेदार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।