रामगढ़ कॉलेज एलुमनी एसोसिएशन ने नव चयनित डिप्टी कलेक्टर चन्द्र ज्योति उपाध्याय को किया सम्मानित

Spread the love

रामगढ, झारखंड :  रामगढ़ कॉलेज एलुमनी एसोसिएशन के द्वारा मंगलवार 9.12.2025 को  नवनियुक्त डिप्टी कलक्टर चंद्र ज्योति उपाध्याय को उनके आवास पर जाकर सम्मानित किया। यह आयोजन अध्यक्ष डॉ शारदा प्रसाद के नेतृत्व और संस्थापक अध्यक्ष श्री सुरेश पी. अग्रवाल के सान्निध्य में किया गया। चंद्र ज्योति को शॉल ओढ़ा कर तथा संयुक्त रूप से पौधा प्रदान करके उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। सुरेश पी अग्रवाल ने श्रीमद् भगवद्गीता की प्रति भेंट करते हुए कहा कि “फल की चिंता किए बगैर सदैव कर्म करते जाना है”।

डॉ शारदा ने स्वरचित कविता के माध्यम से आशीष और शुभकामनाएं दीं तथा कर्तव्य-पथ पर निर्बाध आगे बढ़ते रहने को प्रेरित किया : ” नदी की शीतल धारा बन/कल-कल छल-छल बहते जाना/ आएं कितनी ही बाधाएं, पर कभी न इससे घबराना/ ईमानदारी और सत्य-निष्ठा की, तू शीतल जलधार बनो/ वंचित-पीड़ित की रक्षा की, सक्षम- सशक्त हथियार बनो/”

एसोसिएशन के सचिव प्रो प्रणीत ने कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे रामगढ़ जिले की है और हम गौरवान्वित हैं। डॉ उमा सेन गुप्ता डॉ. अंजु शर्मा, डा. बबिता कुमारी ने भी कुमारी चंद्रज्योति को बधाइयां देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

चंद्रज्योति उपाध्याय  रामगढ़ महाविद्यालय, रामगढ़ की 2015-18 बैच की गणित ऑनर्स की छात्रा रही हैं। उन्होंने यह सफलता स्वाध्याय से अपने प्रथम प्रयास में ही 70 वां रैंक प्राप्त करके किया। उनके पिता डॉक्टर चंद्रमौलि उपाध्याय सुप्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य है़ और माता कस्तूरबा इंटर महिला महाविद्यालय में समाजशास्त्र की प्राध्यापिका के रूप में सेवा प्रदान कर चुकी हैं।