रामगढ़, झारखंड : शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की ओर से एक सराहनीय पर्यावरण–अनुकूल पहल की गई। क्लब ने खाली तेल और घी के 30 बड़े कंटेनरों (15-15 किलोग्राम क्षमता) का पुनर्चक्रण कर उन्हें उपयोगी डस्टबिन में बदल दिया। इन डस्टबिनों को रामगढ़ शहर के मेन रोड पर खाद्य सामग्री और नाश्ते की दुकान लगाने वाले विक्रेताओं के बीच वितरित किया गया।
इस पहल का उद्देश्य सड़क किनारे कचरा फैलने से रोकना और आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। क्लब सदस्यों ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। पुनर्चक्रण के माध्यम से न केवल कचरे का सही उपयोग हुआ, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
डस्टबिन प्राप्त करने वाले दुकानदारों ने इनर व्हील क्लब की इस पहल की प्रशंसा की और आश्वासन दिया कि वे नियमित रूप से डस्टबिन का उपयोग करेंगे। साथ ही ग्राहकों को भी सड़क पर कचरा न फेंकने के लिए प्रेरित करेंगे। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह की पहल से शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण–अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी।
इस मौके पर क्लब अध्यक्षा नमिता श्रॉफ सहित इनर व्हील क्लब की कई सदस्य उपस्थित रहीं और सभी ने शहर की स्वच्छता के लिए निरंतर ऐसे प्रयास जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम में क्लब की सदस्याएँ जनेशा वडेरा, निधि चौधरी, नीरू साहनी, रंजू अग्रवाल, अनुराधा श्रॉफ, राजिंदर बुड़वाल, दीपा वडेरा, मनबीर कौर, श्वेता जैन, जसबिंदर होरा, पिंकी बंसल, हरमीत कौर एवं मधु अग्रवाल शामिल थी।