घाटो (रामगढ़), झारखंड :रामगढ़ जिले के घाटो पुलिस ओपी क्षेत्र अंतर्गत कुजू वन क्षेत्र के शारुबेडा चार नंबर में मंगलवार को जंगली हाथी के हमले में एक सीसीएल कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अमित रजवार के रूप में हुई है, जो सीसीएल में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब अमित रजवार जंगल में विचरण कर रहे जंगली हाथी को देखकर
उसके काफी करीब जाकर मोबाइल से सेल्फी लेने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान हाथी अचानक उग्र हो गया और उसने अमित को अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने के कारण अमित की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हाथी के हमले की यह पूरी घटना वहां मौजूद लोगों के मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो बाद में क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई। वीडियो में हाथी का आक्रामक व्यवहार और घटना की भयावहता साफ देखी जा सकती है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से घाटों थाना क्षेत्र और कुजू वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का झुंड लगातार घूम रहा है। हाथियों की आवाजाही आबादी वाले इलाकों के बेहद नजदीक हो गई है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग की ओर से न तो पर्याप्त चेतावनी जारी की गई और न ही हाथियों को आबादी से दूर खदेड़ने के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुजू वन क्षेत्र के वन पदाधिकारी और घाटों थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि वन विभाग द्वारा हाथियों की संख्या, उनके मूवमेंट और संभावित खतरे वाले क्षेत्रों का आकलन किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगली हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की गहराई में भेजने की व्यवस्था की जाए। साथ ही वन्यजीव क्षेत्र में हाथियों के साथ सेल्फी लेने या नजदीक जाकर वीडियो बनाने जैसी जानलेवा गतिविधियों पर सख्त रोक लगाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।