रामगढ़ : बोरोबिंग चेक पोस्ट पर अवैध बालू परिवहन का खुलासा, दो हाईवा जब्त, प्राथमिकी दर्ज

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  जिले में अवैध खनन और बालू परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला खनन पदाधिकारी श्री निशांत अभिषेक के नेतृत्व में 17 दिसंबर 2025 को जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अपराह्न करीब 12:30 बजे रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरोबिंग चेक पोस्ट पर नयामोड़ की ओर से आ रहे दो हाईवा वाहनों की जांच की गई।

जांच के दौरान हाईवा वाहन संख्या ओडी02एएक्स-8125 एवं ओडी02एवाई-0519 पर क्रमशः 600-600 घनफुट बालू लदा पाया गया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि दोनों वाहनों में बालू से संबंधित कोई भी वैध परिवहन चालान मौजूद नहीं था।

इसके अलावा खनन विभाग के पोर्टल पर की गई जांच में भी उक्त वाहनों के लिए किसी प्रकार का परिवहन चालान निर्गत पाया नहीं गया। इससे यह प्रमाणित हुआ कि हाईवा वाहन के मालिक, अज्ञात चालक एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से बालू घाट से बालू का उठाव कर उसका परिवहन किया जा रहा था, जिससे सरकार को राजस्व की क्षति हुई है।

इस मामले में जिला खनन पदाधिकारी द्वारा हाईवा वाहन के मालिक, अज्ञात चालक एवं अन्य संलिप्त लोगों के विरुद्ध सरकारी संपत्ति की चोरी, खनन राजस्व की क्षति तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 4 एवं 21, झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली, 2004 (संशोधित) के नियम 54 एवं झारखंड खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम) नियमावली, 2017 के नियम 9 एवं 13 के तहत रजरप्पा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।