लोहार टोला के होलिका दहन मैदान पर कब्जे की कोशिश, रात में जेसीबी व ट्रैक्टर पहुंचने से विवाद

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ शहर के लोहार टोला स्थित होलिका दहन के लिए उपयोग होने वाले खाली पड़े मैदान को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। गुरुवार की रात 18 दिसंबर 2025 को करीब 10 बजे एक दावेदार दर्जनों ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन के साथ मैदान पर पहुंचा और वहां काम शुरू कराने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, मैदान में जमा कूड़े को हटाकर उसे अन्यत्र फेंकने तथा जमीन की घेराबंदी कर कब्जा करने की योजना थी। हालांकि, जमीन के अन्य दावेदारों को इसकी भनक लगते ही वे भी मौके पर पहुंच गए और काम का विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके कारण कार्य को रोकना पड़ा।

बताया जा रहा है कि इस जमीन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। दिनांक 8 दिसंबर 2025 को भी एक दावेदार, जो चतरा जिले का बताया जा रहा था, ने मैदान की घेराबंदी करने का प्रयास किया था। उस समय भी अन्य दावेदारों के विरोध के कारण घेराबंदी नहीं हो सकी थी। विवाद की सूचना पर रामगढ़ के अंचलाधिकारी मौके पर पहुंचे थे और सभी पक्षों को अंचल कार्यालय में जमीन से संबंधित कागजात प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।

हालांकि अंचलाधिकारी कार्यालय में इस मामले में क्या निर्णय लिया गया, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। इसके बावजूद गुरुवार की रात एक पक्ष द्वारा फिर से जेसीबी और ट्रैक्टर के साथ काम शुरू करने का प्रयास किया गया। समाचार लिखे जाने तक रात करीब 11 बजे तक जमीन पर दोनों पक्षों के बीच विवाद जारी था और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी।