रामगढ, झारखंड : पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रामगढ़ स्थित सभागार कक्ष में पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में सभी थाना एवं ओपी प्रभारी को लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, पुराने मामलों में अभियुक्तों को न्यायालय में ससमय प्रस्तुत करने तथा सीसीटीएनएस के IIF-2, 3, 4, 5 में लंबित प्रविष्टियों को दिसंबर माह के अंत तक अद्यतन करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तार अभियुक्तों के फोटो अपडेट, ई-साक्ष्य प्रविष्टि, अक्टूबर माह के प्रतिवेदित कांडों की समीक्षा, ज्वेलरी दुकान, बैंक, अस्पताल, स्कूल व कॉलेजों के आसपास सुरक्षा के दृष्टिकोण से पेट्रोलिंग बढ़ाने, वाहन चेकिंग की प्रविष्टि रक्षक ऐप में दर्ज करने का आदेश दिया। साथ ही संपत्तिमूलक अपराध, आर्म्स एक्ट एवं संगठित अपराध के मामलों में जेल से बाहर आए अभियुक्तों का सत्यापन, सीसीए के तहत निगरानी एवं कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने चोरी के मामलों में पुराने अभियुक्तों से पूछताछ, लंबित पॉकेट डिस्पोजल केस में दिसंबर माह के अंत तक आरोप पत्र/अंतिम प्रतिवेदन दाखिल, थाना मालखाना का चार्ज ग्रहण, लावारिस व जब्त समानों का निष्पादन, लंबे समय से लंबित यूडी कांडों को निपटाने का निर्देश दिया। महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सीसीटीवी लगाने हेतु लोगों को प्रोत्साहित करने, रंगदारी, नक्सली, गिरोह, हत्या एवं महिला संबंधित अपराधों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा।
क्रिसमस एवं नववर्ष को लेकर विशेष वाहन चेकिंग अभियान, चर्च एवं पिकनिक स्पॉट के आसपास पेट्रोलिंग समेत कड़े सुरक्षा प्रबंध के आदेश भी दिए गए।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ द्वारा विगत माह की तुलना में तीन या तीन से अधिक मामलों का निष्पादन करने वाले अनुसंधानकर्ताओं व थाना प्रभारियों को सुसेवांक देकर सम्मानित किया गया।