जसीडीह, बिहार :जसीडीह–क्यूल–जमुई रेलखंड (बिहार) के सिमुलतला रेलवे स्टेशन के पास शनिवार देर रात बड़ा रेल हादसा हो गया। सीमेंट से लदी मालगाड़ी पुल संख्या 676 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे करीब 19 बोगियां पटरी से उतर गईं और कई डिब्बे नीचे बड़ुआ नदी के पुल के नीचे गिर गए। हादसे में लोको पायलट और गार्ड बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद अप एवं डाउन दोनों ट्रैक पर ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया है।
सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, इंजीनियरिंग टीम और रेल पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत एवं पुनर्प्रयास कार्य में जुट गई है। हादसे के कारण हावड़ा–पटना–दिल्ली मेन लाइन पर चलने वाली कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें जहां-तहां खड़ी हो गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देर रात से अब तक दो दर्जन से अधिक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होने की जानकारी मिली है।
जानकारी के अनुसार मालगाड़ी जसीडीह से झाझा की ओर जा रही थी और इसमें सीमेंट लदा हुआ था। बताया जा रहा है कि पटरी से छेड़ छाड किये जाने और ट्रैक में गड़बड़ी के कारण मालगाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के दौरान इंजन लगभग 400 मीटर आगे निकलकर टेलवा बाजार हॉल्ट के पास जाकर रुका।
फिलहाल रेलवे ट्रैक बहाली कार्य जारी है और मामले की जांच की जा रही है।