
सर्टिफिकेट के साथ छा़त्र-छात्रा
रामगढ कैंट, झारखंड : श्री कृष्ण विद्या मंदिर के विशाल एवं सुसज्जित प्रांगण में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद महोत्सव का अत्यंत भव्य तथा उल्लास पूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आरंभ माननीय मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) एवं अन्य विशिष्ट अतिथि विद्यालय सचिव विमल किशोर जाजू, कोषाध्यक्ष रमेश अग्रवाल तथा वरिष्ठ माननीय सदस्य महावीर अग्रवाल का सम्मान बुके देकर किया गया।
तत्पश्चात स्वागत भाषण के द्वारा विद्यालय की उपलब्धियां, शैक्षणिक दृष्टि और खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। वैदिक परंपरा के अनुरूप दीप प्रज्वलन संपन्न हुआ, जिसने ज्ञान, ऊर्जा, आशा और सकारात्मकता के आलोक से पूरे वातावरण को आलोकित कर दिया। इसके पश्चात कक्षा छठी और सातवीं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक ड्रिल ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद विद्यालय ध्वज का विधिवत एवं गरिमापूर्ण ध्वजारोहण मुख्य अतिथि के कर कमलो द्वारा संपन्न हुआ। संपूर्ण परिसर गर्व, सम्मान और संस्थान के प्रति निष्ठा की भावना से ओतप्रोत हो उठा।

तत्पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट ने दृढ़ अनुशासन, टीम भावना एवं एकाग्रता को प्रदर्शित किया। मशाल प्रज्वलन की रस्म खेल भावना, निरंतर संघर्ष, साहस और विजय के प्रतीक के रूप में पूरे कार्यक्रम की केंद्र बिंदु बनी। इसके पश्चात माननीय अतिथियों द्वारा रंग-बिरंगे गुब्बारो का आकाश में विमोचन किया गया जो विद्यार्थियों की आकांक्षाओं, सपनों और उज्जवल भविष्य की उड़ान का सजीव प्रतीक था। यह क्षण अत्यंत भावनात्मक एवं प्रेरणादाई रहा। अतिथियों के आशीर्वचन के साथ प्रथम दिवस के कार्यक्रम की शुरुआत हुई। पहला चरण विशेष रूप से हमारे नन्हे मुन्ने खिलाड़ियों को समर्पित रहा। नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी के विद्यार्थियों के लिए आयोजित जलेबी रेस एवं लड्डू रेस ने पूरे वातावरण को बालसुलभ उत्साह, मधुर हंसी और अपार आनंद से सराबोर कर दिया। अभिभावकों एवं दर्शकों ने बच्चों के उत्साह और मासूम प्रयासों का हृदय से आनंद लिया।
इसके पश्चात कक्षा पांचवी एवं छठी के लिए 100 मीटर दौड़ एवं बैलेंस रेस का आयोजन किया गया, वहीं दूसरी ओर कक्षा तीसरी एवं चौथी के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 50 मीटर दौड़ ने मैदान को उल्लास और उमंग से भर दिया। इसके उपरान्त अंडर – 14 वर्ग के अंतर्गत 100 मीटर दौड़ एवं अंडर – 17 वर्ग के अंतर्गत 100 मीटर दौड़ आयोजित की गई, जहां कक्षा सातवीं, आठवीं और नवमी के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, प्रतिस्पर्धात्मक, उत्साह तथा अनुकरणीय अनुशासन का प्रदर्शन किया। अपने-अपने वर्गों में विजेताओं को माननीय अतिथियों द्वारा सर्टिफिकेट एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस प्रकार ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता से परिपूर्ण वार्षिक खेलकूद महोत्सव का प्रथम दिवस अत्यंत हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। आगामी दो दिनों में अनेक बड़े, रोमांचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक खेल आयोजन प्रस्तावित है, जिनको लेकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों में विशेष उत्सुकता बनी हुई है। श्री कृष्ण विद्या मंदिर न केवल अपनी गौरवशाली परंपरा को सहेज कर रखे हुए है बल्कि निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए अपने स्वर्णिम इतिहास को और अधिक सुदृढ़ बना रहा है। आज के कार्यक्रम में सैकड़ो की संख्या में अभिभावक मौजूद थे।