दुर्गापुर / जामताड़ा :जामताड़ा में ज्वेलरी दुकान में हुई सनसनीखेज डकैती के दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अमन बर्मन से मिलने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी दुर्गापुर स्थित मिशन अस्पताल पहुंचे। इसके लिए उन्होंने अपना निर्धारित दिल्ली दौरा भी रद्द कर दिया।
अस्पताल में मंत्री को देखते ही घायल अमन बर्मन भावुक हो गया। कांपते हाथों से मंत्री का हाथ पकड़ते हुए उसने कहा— “मंत्री जी, मुझे बचा लीजिए।” इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने अमन को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उसके साथ खड़ी है और इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों की टीम के साथ बैठक कर इलाज की पूरी जानकारी ली और मेडिकल रिपोर्ट देखी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि उपचार पूरी गंभीरता, सावधानी और विशेषज्ञ निगरानी में किया जाए।
इधर, अमन के पिता अजित बर्मन समेत परिजन बेटे की हालत को लेकर भावुक नजर आए और मंत्री से जान बचाने की गुहार लगाई। इस पर मंत्री ने आश्वस्त किया— “मेरे रहते किसी की जान जाने नहीं दी जाएगी। सरकार हर संभव मदद करेगी।”
डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल अमन की स्थिति खतरे से बाहर है, हालांकि पैर के निचले हिस्से में मूवमेंट नहीं होना चिंता का विषय है। विस्तृत रिपोर्ट स्वास्थ्य मंत्री को सौंपी जाएगी और जरूरत पड़ने पर बेहतर उपचार के लिए बाहर रेफर करने की भी तैयारी की जाएगी।
अस्पताल में मौजूद लोगों और परिजनों ने कहा कि किसी मंत्री का खुद अस्पताल पहुंचना उनके लिए भरोसा और हौसला देने वाली बड़ी बात है।